BPL Controversy: भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में चल रही तल्खी के माहौल के बीच भारतीय स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर रिद्धिमा पाठक ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) को लेकर फैली अटकलों पर खुलकर बात की है. उन्होंने साफ किया है कि BPL के ब्रॉडकास्ट पैनल से उन्हें किसी ने हटाया नहीं, बल्कि यह फैसला उन्होंने खुद लिया था. रिद्धिमा का यह बयान उन खबरों के बाद आया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया है.
हाल के दिनों में दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड्स के बीच तनाव बढ़ा है और ऐसे में हर छोटी-बड़ी घटना पर मीडिया और फैंस की नजर बनी हुई है. इसी पृष्ठभूमि में रिद्धिमा के BPL से अलग होने को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आने लगी थीं, जिन पर अब उन्होंने विराम लगाने की कोशिश की है.
रिद्धिमा पाठक ने क्या कहा?
रिद्धिमा पाठक ने अपने बयान में स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके BPL से हटने को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. उन्होंने कहा,“पिछले कुछ घंटों से यह कहानी चलाई जा रही है कि मुझे BPL से ड्रॉप कर दिया गया है. यह पूरी तरह गलत है. मैंने निजी तौर पर खुद यह फैसला लिया है. मेरे लिए मेरा देश हमेशा पहले आता है. क्रिकेट मेरे लिए किसी एक असाइनमेंट से कहीं ज्यादा अहम है. मुझे इस खेल की ईमानदारी, सम्मान और जुनून के साथ सालों तक सेवा करने का मौका मिला है और यह सोच कभी नहीं बदलेगी. मैं आगे भी साफ नीयत और खेल भावना के साथ खड़ी रहूंगी.”उनके इस बयान से यह साफ हो गया कि BPL से दूरी बनाना उनका व्यक्तिगत और सिद्धांतों से जुड़ा फैसला था, न कि किसी बोर्ड की कार्रवाई.
कौन हैं रिद्धिमा पाठक?
रिद्धिमा पाठक का जन्म 17 फरवरी 1990 को झारखंड की राजधानी रांची में हुआ था. वह एक जानी-मानी मॉडल, अभिनेत्री, वॉइस आर्टिस्ट और टीवी प्रेजेंटर हैं. अपने करियर की शुरुआत उन्होंने रेडियो स्टेशन में इंटर्नशिप से की थी. इसके बाद उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स, टेन स्पोर्ट्स, सोनी नेटवर्क और जियो जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स पर कई प्रमुख खेल आयोजनों की मेजबानी की. उन्हें खास पहचान टोक्यो ओलंपिक के दौरान मिली, जहां उनकी एंकरिंग को काफी सराहा गया. रिद्धिमा अब तक कई दिग्गज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के इंटरव्यू भी कर चुकी हैं और स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग की दुनिया में उनकी मजबूत मौजूदगी मानी जाती है.
ICC के फैसले से बढ़ा विवाद
इस पूरे घटनाक्रम के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भी बांग्लादेश को बड़ा झटका दिया है. मंगलवार को ICC ने बांग्लादेश की उस मांग को खारिज कर दिया, जिसमें उसने अपने टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों को भारत से बाहर कराने की अपील की थी. यह मामला तब और गरमाया, जब बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिज़ुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइज़ी कोलकाता नाइट राइडर्स से रिलीज़ करने को कहा गया. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के इस कदम के पीछे दिसंबर ऑक्शन के दौरान हुए भारी विरोध को वजह बताया गया, जो बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा की खबरों के बीच सामने आया था.
BCB की नाराजगी और बढ़ता तनाव
BCCI की ओर से मुस्ताफिज़ुर का कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने की मांग बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को नागवार गुजरी. BCB ने आपात बैठक बुलाकर इस मुद्दे पर चर्चा की और भारत में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. बोर्ड ने ICC के सामने पुराने उदाहरणों का हवाला देते हुए मैचों के वेन्यू बदलने की अपील की, लेकिन ICC अपने फैसले पर अड़ा रहा. तनाव को और बढ़ाते हुए बांग्लादेश ने आगामी आईपीएल सीज़न के प्रसारण पर भी प्रतिबंध लगा दिया. इन सभी घटनाओं के बीच रिद्धिमा पाठक का BPL से हटने का फैसला और उस पर आया उनका बयान, भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों की मौजूदा संवेदनशील स्थिति को और उजागर करता है.
यह भी पढ़ें: क्या कमबैक है यार! श्रेयस अय्यर ने तूफानी पारी खेलते हुए गेंदबाजों को धो डाला