पाकिस्तानी खिलाड़ी समीर मिन्हास कौन? U19 में भारत के खिलाफ जड़ दिया शतक

India Vs Pak U19: अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज समीर मिन्हास ने भारतीय गेंदबाजों के सामने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

Who is Sameer Minhas Scored Century in u19 Asia cup
Image Source: Social Media

India Vs Pak U19: अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज समीर मिन्हास ने भारतीय गेंदबाजों के सामने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. दुबई स्थित आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में समीर ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए महज 71 गेंदों में शतक जड़ दिया. उनकी इस पारी में चौकों-छक्कों की भरमार देखने को मिली, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया.


समीर मिन्हास ने अपने इस शतक के दौरान 12 चौके और 4 छक्के लगाए. यह अंडर-19 एशिया कप 2025 में उनका दूसरा शतक रहा. इससे पहले वे मलेशिया के खिलाफ 177 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर सुर्खियों में आ चुके हैं. लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के चलते समीर इस टूर्नामेंट में 400 से अधिक रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.

सेमीफाइनल में भी दिखाया था दम

फाइनल से पहले बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में भी समीर का बल्ला जमकर बोला था. उस मैच में उन्होंने नाबाद 69 रन बनाकर पाकिस्तान को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. उनके इस निरंतर प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट का सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बना दिया है.

टॉस भारत के पक्ष में, लेकिन फायदा पाकिस्तान को

फाइनल में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. हालांकि यह रणनीति टीम इंडिया के लिए कारगर साबित नहीं हुई. नई गेंद से भारतीय गेंदबाज शुरुआती विकेट लेने में नाकाम रहे, जिसका पूरा फायदा पाकिस्तानी ओपनर समीर मिन्हास ने उठाया. भारतीय गेंदबाजी आक्रमण उनके सामने दबाव में नजर आया और रन रोकने में संघर्ष करता दिखा.

पाकिस्तान की मजबूत शुरुआत

पाकिस्तान की पारी की शुरुआत समीर मिन्हास और हमजा जहूर ने की. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 31 रन जोड़े. हमजा के आउट होने के बाद उस्मान खान ने समीर का साथ निभाया. उस्मान ने 45 गेंदों पर 35 रन बनाए और समीर के साथ 92 रनों की अहम साझेदारी की.इसके बाद अहमद हुसैन मैदान पर आए और उन्होंने भी भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया. हुसैन और समीर के बीच शतकीय साझेदारी हुई, जिससे पाकिस्तान की पारी और भी मजबूत हो गई.

भारतीय गेंदबाजों के लिए चुनौती

समीर मिन्हास की आक्रामक बल्लेबाजी और साझेदारों के सहयोग ने भारतीय गेंदबाजों के लिए मुश्किलें बढ़ा दीं. फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में पाकिस्तान की यह मजबूत शुरुआत टीम इंडिया पर अतिरिक्त दबाव बनाती नजर आई.

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में शामिल होने पर गदगद हुए ईशान किशन, बोले - मैं बहुत खुश..