ग्रामीण जीवन, साइकल से सफर... जानें कौन हैं Arattai के फाउंडर श्रीधर वेम्बू, जो दे रहे Whatsapp को टक्कर

Zoho founder Sridhar Vembu: जहां एक ओर भारत में तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को लेकर तेजी से काम हो रहा है, वहीं दूसरी ओर एक देसी इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप 'Arattai' ने डिजिटल दुनिया में जोरदार दस्तक दी है.

who Sridhar Vembu is founder of Arattai which is giving competition to WhatsApp
Image Source: Social Media/X

Zoho founder Sridhar Vembu: जहां एक ओर भारत में तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को लेकर तेजी से काम हो रहा है, वहीं दूसरी ओर एक देसी इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप 'Arattai' ने डिजिटल दुनिया में जोरदार दस्तक दी है. WhatsApp जैसे फीचर्स के साथ लॉन्च हुए इस ऐप ने कुछ ही समय में App Store में टॉप रैंकिंग हासिल कर ली है. दिलचस्प बात यह है कि इस ऐप को डेवलप किया है भारत की जानी-मानी सॉफ्टवेयर कंपनी Zoho Corporation ने, जिसके संस्थापक हैं श्रीधर वेम्बू, एक ऐसे शख्स जो अरबपति होते हुए भी बेहद सादा जीवन जीते हैं.

श्रीधर वेम्बू सिर्फ एक सफल उद्यमी ही नहीं, बल्कि एक ऐसी प्रेरणादायक शख्सियत हैं जो अपनी जिंदगी की सादगी के लिए भी जाने जाते हैं. तमिलनाडु के थंजावुर जिले में रहने वाले वेम्बू आज भी ज्यादातर यात्राएं साइकिल से करते हैं, और ग्रामीण भारत में शिक्षा व तकनीक के विकास को लेकर काम कर रहे हैं.

IIT से अमेरिका और फिर भारत वापसी की कहानी

श्रीधर वेम्बू ने IIT मद्रास से बीटेक किया और फिर अमेरिका में कुछ समय तक नौकरी की. हालांकि, नौकरी में उनका मन नहीं लगा और उन्होंने वापस भारत लौटकर कुछ नया करने की ठानी. यही से Zoho Corp की नींव पड़ी.

1990 के दशक में परिवार के दो सदस्यों और कुछ दोस्तों के साथ मिलकर उन्होंने AdventNet की शुरुआत की, जिसे बाद में Zoho Corporation के नाम से जाना जाने लगा. आज Zoho दुनिया की सबसे बड़ी बूटस्ट्रैप्ड टेक कंपनियों में गिनी जाती है.

Arattai की सफलता और आईपीओ को लेकर वेम्बू का रुख

Arattai ऐप की सफलता ने सोशल मीडिया पर ज़ोहो और वेम्बू को फिर से सुर्खियों में ला दिया है. लेकिन जब लोगों ने ज़ोहो के IPO (शेयर बाजार में लिस्टिंग) को लेकर सवाल उठाए, तो वेम्बू ने सोशल मीडिया पर साफ कर दिया कि कंपनी किसी भी तरह की जल्दबाज़ी में नहीं है.

उन्होंने कहा कि Arattai जैसी परियोजनाएं वो स्वतंत्रता और दीर्घकालिक सोच के कारण ही संभव हो सकीं, जो कि सार्वजनिक कंपनियों के वित्तीय दबाव में मुमकिन नहीं होता.

कितनी है श्रीधर वेम्बू की संपत्ति?

Forbes India Billionaires List 2024 के अनुसार, श्रीधर वेम्बू और उनके परिवार की कुल नेटवर्थ 5.8 अरब डॉलर आंकी गई थी. साल 2018 में उनकी संपत्ति 1.6 अरब डॉलर थी, जो कुछ ही वर्षों में कई गुना बढ़ चुकी है.

इतना ही नहीं, Zoho की सह-संस्थापक और श्रीधर की बहन राधा वेम्बू भी देश की सबसे अमीर महिलाओं में शुमार हैं, जिनकी संपत्ति 3.2 अरब डॉलर के करीब है.

यह भी पढ़ें- अमेरिका में कल से छुट्टी पर भेजे जाएंगे 9 लाख कर्मचारी, जानें क्या है कारण?