पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की शानदार जीत के बाद नई सरकार के गठन की सुगबुगाहट तेज हो गई है. राज्य के सियासी गलियारों में अगले मुख्यमंत्री के नाम की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है. हालांकि सीएम पद के लिए नीतीश कुमार के अलावा अभी तक किसी अन्य नेता का नाम निकलकर सामने नहीं आया है. इसी बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने भी मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अपना स्टैंड क्लियर कर दिया है. उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे.
वोट चोरी के आरोपों पर कही ये बात
उपेंद्र कुशवाहा ने पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, वो लगातार इस बात को कह रहे हैं, ऐसे में इस तरह के सवालों का कोई मतलब नहीं है. उन्होंने जोर देकर कहा कि नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री बनना फाइनल है. उन्होंने सपा नेता अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि, जनता कहेगी तभी वोट चोरी का माना जाएगा, जनता कह ही नहीं रही है. अगर वोट चोरी होती तो लोग बोलते न? जिसके घर में डाका डालने की बात कर रहे हैं, उसके घर में डाका हुआ ही नहीं है. अब तो उनको (अखिलेश यादव) समझ में आ जाना चाहिए था कि ये (वोट चोरी) फालतू का मुद्दा है. अब इसी तरह का मुद्दा लेकर चलेंगे तो यही दुर्गति होगी. अभी भी होश में नहीं हैं तो भगवान मालिक हैं.
लालू परिवार में कलह पर क्या बोले कुशवाहा?
आपको बता दें कि बिहार चुनाव में आरजेडी की करारी हार के बाद लालू यादव के परिवार में उथल-पुथल मच गई है. लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव चुनाव से पहले ही परिवार से निकाल दिए गए थे. वहीं चुनाव परिणाम के अगले ही लालू यादव के बेटी रोहिणी आचार्य ने भी परिवार और पार्टी से किनारा कर लिया. इसको लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि, ये उनके परिवार का आंतरिक मामला है. इस पर हम क्या टिप्पणी करें? लेकिन इस तरह की स्थिति उनके परिवार में पैदा हुई है तो इसके जिम्मेवार तो वही लोग हैं. खुद ही जिम्मेवार हैं. जनता चीजों को देख रही हैं. परिवार की ही स्थिति को नहीं संभाल पा रहा हैं तो बिहार की सेवा क्या करेंगे? इसलिए जनता ने उनको रिजेक्ट किया. इसमें कई कारणों में से एक बड़ा कारण यह भी है.
#WATCH | Patna, Bihar: Rashtriya Lok Morcha chief Upendra Kushwaha says, "...This final... Nitish Kumar is going to be the Chief Minister again..."
— ANI (@ANI) November 17, 2025
On Akhilesh Yadav's statement regarding vote theft, he says, "...The people they are talking about aren't saying anything at all...… pic.twitter.com/vDsyifDjmm
उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी ने जीती चार सीटें
बिहार विधानसभा चुनावों में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM), ने अच्छा प्रदर्शन किया है और कुल चार सीटें जीती हैं. इस चुनाव में उनकी पत्नी स्नेहलता कुशवाहा ने सासाराम सीट से जीत हासिल की, जबकि अन्य तीन उम्मीदवार रामेश्वर कुमार महतो (बाजपट्टी), माधव आनंद (मधुबनी), और आलोक कुमार सिंह (दिनारा) ने भी सफलता प्राप्त की. इन सीटों पर पार्टी का प्रदर्शन यह दर्शाता है कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा बिहार की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है.
ये भी पढ़ें: Bihar News: चुनावी मैदान में पूरी तरह फेल हुए तेजस्वी यादव, अब नेता प्रतिपक्ष की राह नहीं होगी आसान