IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें सीजन के प्लेऑफ की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है. तीन टीमें गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है. चौथे स्थान के लिए मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच कांटे का है. इस बीच आईपीएल में कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने इस साल की चैंपियन टीम को लेकर बड़ा दावा किया है.
सिद्धू को पंजाब किंग्स पर है पूरा भरोसा
नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब किंग्स की हालिया फॉर्म और लय को देखते हुए उन्हें इस सीजन की सबसे मजबूत टीमों में से एक बताया है. उन्होंने कहा कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी और रिकी पोंटिंग के मार्गदर्शन में टीम ने सभी आलोचनाओं को गलत साबित कर दिया है. सिद्धू के मुताबिक, यह वही टीम है जिसे शुरुआत में कमजोर आंका गया था, लेकिन अब वो खिताब की सबसे प्रबल दावेदार बनकर उभरी है.
युवाओं का आत्मविश्वास बना जीत की चाबी
सिद्धू ने खास तौर पर पंजाब किंग्स के युवा खिलाड़ियों की सराहना की. उन्होंने कहा, "टीम में वही खिलाड़ी हैं. प्रभसिमरन सिंह, अर्शदीप सिंह, नेहाल वढेरा, और प्रियांश आर्य जैसे युवा. लेकिन टीम मैनेजमेंट ने इन खिलाड़ियों को जिस आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतारा, उन्होंने उसे पूरी तरह सही साबित किया." राजस्थान के खिलाफ मुकाबले का जिक्र करते हुए उन्होंने नेहाल वढेरा की 70 रन की तेजतर्रार पारी (37 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्के) और शशांक सिंह की 30 गेंदों में 59 रन की पारी को टीम की गहराई और संतुलन का प्रतीक बताया.
टॉप 2 में जगह बना सकती है पंजाब
नवजोत सिंह सिद्धू ने आंकड़ों के हवाले से बताया कि आईपीएल इतिहास में अधिकतर चैंपियन टीमें वही रही हैं जो टॉप 2 में रही हैं. उन्होंने कहा, "2011 के बाद से सिर्फ एक बार (2016 में) ऐसी टीम ने खिताब जीता है जो टॉप 2 में नहीं थी. इसका मतलब है कि टॉप 2 में पहुंचने वाली टीमों के पास खिताब जीतने के दो मौके होते हैं. मुझे यकीन है कि पंजाब किंग्स टॉप 2 में पहुंचेगी."
पंजाब के लिए एक नया अध्याय?
2014 के बाद पहली बार पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ में एंट्री ली है. उस साल टीम फाइनल तक पहुंची थी लेकिन केकेआर से हार गई थी. 2008 और 2014 को छोड़कर अब तक टीम कभी प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई थी. इस बार हालात अलग हैं. टीम लय में है, कप्तान और कोच एकमत हैं, और खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं. अब देखना यह होगा कि क्या सिद्धू की भविष्यवाणी सच साबित होती है और क्या पंजाब किंग्स वाकई अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने में कामयाब होती है.
यह भी पढ़ें: मैदान पर अभिषेक शर्मा और दिग्वेश राठी के बीच हुई भयंकर लड़ाई, देखें VIDEO