अक्षय खन्ना इन दिनों फिल्म धुरंधर की जबरदस्त सफलता का स्वाद चख रहे हैं. फिल्म में उनके निभाए रहमान डकैत के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा और लंबे समय बाद वह फिर चर्चा के केंद्र में आ गए. इसी बीच सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी दृश्यम के तीसरे भाग से उनके बाहर होने की खबरों ने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी. अब इस पूरे विवाद पर दृश्यम 3 के निर्माता कुमार मंगत पाठक ने खुलकर अपनी बात रखी है.
फीस नहीं, पर्दे के पीछे थी असली वजह
कुमार मंगत पाठक ने साफ किया कि अक्षय खन्ना का फिल्म छोड़ना सिर्फ फीस से जुड़ा मामला नहीं था. उन्होंने बताया कि अभिनेता के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन हो चुका था और उनकी फीस भी कई दौर की बातचीत के बाद तय की गई थी. सब कुछ तय होने के बावजूद शूटिंग से ठीक पहले हालात बदल गए.
निर्माता के मुताबिक अक्षय खन्ना ने फिल्म में विग पहनने की इच्छा जताई थी. निर्देशक अभिषेक पाठक ने उन्हें समझाया कि दृश्यम 3 एक सीक्वल है और लुक में बड़ा बदलाव फिल्म की निरंतरता को नुकसान पहुंचा सकता है. शुरुआती बातचीत के बाद अक्षय इस बात पर सहमत भी हो गए थे.
‘आसपास के लोगों की सलाह ने बिगाड़ा मामला’
कुमार मंगत ने दावा किया कि बाद में अक्षय के करीबी लोगों ने उन्हें समझाया कि विग पहनने से वह ज्यादा स्मार्ट और प्रभावशाली दिखेंगे. इसके बाद अभिनेता ने फिर से यही मांग दोहराई. इस बार निर्देशक भी बातचीत के लिए तैयार थे, लेकिन अचानक अक्षय ने साफ कह दिया कि वह फिल्म का हिस्सा नहीं बनना चाहते.
निर्माता के अनुसार, यह फैसला न सिर्फ चौंकाने वाला था, बल्कि इससे प्रोजेक्ट को बड़ा झटका भी लगा.
‘सेट पर उनकी एनर्जी टॉक्सिक रहती है’
कुमार मंगत पाठक ने अक्षय खन्ना के प्रोफेशनल रवैये पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उनके साथ काम करते हुए ऐसी समस्याएं सामने आई हों.
उन्होंने बताया कि 2019 की फिल्म सेक्शन 375 के दौरान भी कई लोगों ने अक्षय के व्यवहार के कारण उन्हें सावधान किया था.
निर्माता का कहना है कि उस वक्त अक्षय संघर्ष के दौर में थे और उसी फिल्म से उन्हें दोबारा पहचान मिली. इसके बाद दृश्यम 2 में उन्हें कास्ट किया गया, जिसने उनके करियर को नई ऊंचाई दी.
‘मल्टी-स्टारर हिट का मतलब सुपरस्टार नहीं’
कुमार मंगत ने हालिया सफलता के बाद बने स्टारडम के भ्रम पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि दृश्यम फ्रेंचाइज़ी में अजय देवगन मुख्य भूमिका में हैं, छावा विक्की कौशल की फिल्म है और धुरंधर रणवीर सिंह की.
उनके मुताबिक अगर अक्षय खन्ना अकेले किसी फिल्म को लीड करते हैं, तो वह भारत में 50 करोड़ रुपये तक भी नहीं कमा पाएगी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी अभिनेता को लगता है कि वह सुपरस्टार बन चुका है, तो उसे बड़े बजट की सोलो फिल्म करके दिखानी चाहिए.
‘सक्सेस सिर पर चढ़ गई है’
निर्माता ने साफ शब्दों में कहा कि कुछ कलाकार मल्टी-स्टारर फिल्मों की सफलता को अपनी व्यक्तिगत सफलता मान बैठते हैं. उनके अनुसार, अक्षय खन्ना के साथ भी यही हुआ.
कुमार मंगत ने दावा किया कि अक्षय ने उनसे कहा था कि धुरंधर उनकी वजह से हिट हुई है, जबकि फिल्म की सफलता के पीछे कई फैक्टर काम कर रहे थे.
स्क्रिप्ट सुनकर की थी 500 करोड़ की भविष्यवाणी
कुमार मंगत ने बताया कि अक्षय खन्ना को दृश्यम 3 की स्क्रिप्ट बेहद पसंद आई थी. अलीबाग स्थित उनके फार्महाउस पर जब उन्हें कहानी सुनाई गई, तो उन्होंने इसे 500 करोड़ की फिल्म तक बता दिया था.
उन्होंने स्क्रिप्ट की तारीफ करते हुए लेखक और निर्देशक को गले भी लगाया था. इसके बाद फीस तय हुई, एग्रीमेंट साइन हुआ, एडवांस पेमेंट दिया गया और उनके कॉस्ट्यूम डिजाइनर को भी भुगतान कर दिया गया. लेकिन शूटिंग से महज 10 दिन पहले उन्होंने फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया.
अक्षय की जगह जयदीप अहलावत की एंट्री
निर्माता ने भरोसा जताया कि कास्टिंग में बदलाव से दृश्यम फ्रेंचाइज़ी पर कोई असर नहीं पड़ेगा. अब अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत को फिल्म में लिया गया है.
कुमार मंगत ने जयदीप की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें न सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता मिला है, बल्कि एक बेहतर इंसान भी. उन्होंने याद दिलाया कि जयदीप के करियर की शुरुआती फिल्मों में से एक आक्रोश का निर्माण भी उन्होंने ही किया था.
कुमार मंगत पाठक ने यह भी स्पष्ट किया कि अक्षय खन्ना के अचानक फिल्म छोड़ने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है. इस मामले में उन्होंने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और अभिनेता को लीगल नोटिस भेजा जा चुका है. हालांकि अभी तक इस नोटिस का कोई जवाब नहीं मिला है.
ये भी पढ़ें- Year Ender 2025: इस साल प्राकृतिक आपदाओं से दुनिया को 10.8 लाख करोड़ का नुकसान, भारत भी लिस्ट में शामिल