तूफानी फॉर्म में हैं शुभमन गिल, फिर भी T20 टीम में नहीं मिली एंट्री... जानिए इसके पीछे की बड़ी वजह

आईपीएल 2026 में बल्ले से धमाल मचाने वाले शुभमन गिल को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए घोषित भारतीय टी20 स्क्वॉड में जगह नहीं मिली तो क्रिकेट फैंस हैरान रह गए.

why shubman gill is not playing in t20 team india squad
Image Source: ANI

आईपीएल 2026 में बल्ले से धमाल मचाने वाले शुभमन गिल को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए घोषित भारतीय टी20 स्क्वॉड में जगह नहीं मिली तो क्रिकेट फैंस हैरान रह गए. गुजरात की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाने वाले गिल ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी की थी और ऑरेंज कैप की रेस में भी आखिरी समय तक बने रहे. ऐसे में उनका नाम टीम से गायब होना चर्चा का बड़ा विषय बन गया.

शानदार फॉर्म के बावजूद नहीं मिला मौका

शुभमन गिल ने आईपीएल 2026 में 16 पारियों में 732 रन बनाए और पूरे सीजन में अपनी निरंतरता से प्रभावित किया. इतना ही नहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ जारी टेस्ट मैच की पहली पारी में भी उन्होंने शतक जड़कर अपनी बेहतरीन फॉर्म का प्रदर्शन किया. दूसरी ओर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार राष्ट्रीय टीम में मौका मिला और उन्हें आयरलैंड, इंग्लैंड तथा एशियन गेम्स के लिए चुनी गई तीनों टीमों में शामिल किया गया. इसी वजह से गिल को लेकर सवाल और तेज हो गए.

BCCI की रणनीति का हिस्सा है फैसला

टीम चयन के बाद सोशल मीडिया पर कई क्रिकेट प्रेमियों ने चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल उठाए. हालांकि अब सामने आई जानकारी के अनुसार यह फैसला प्रदर्शन के आधार पर नहीं बल्कि लंबी रणनीति को ध्यान में रखकर लिया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई चाहता है कि शुभमन गिल अपनी ऊर्जा और फिटनेस को टेस्ट और वनडे क्रिकेट पर केंद्रित रखें.

सूत्र ने बताया, "चयन समिति ने शुभमन गिल को 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक टेस्ट और वनडे क्रिकेट को प्राथमिकता देने के लिए कहा है. वह शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन ये फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि बोर्ड चाहता है कि वह आगामी महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह फिट हों."

आने वाले बड़े टूर्नामेंट पर नजर

भारतीय टीम का आगामी कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है. 2027 वनडे विश्व कप से पहले भारत को 35 वनडे मुकाबले और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के 9 महत्वपूर्ण मैच खेलने हैं. चयनकर्ताओं का मानना है कि गिल इन दोनों फॉर्मेट में भारतीय टीम के भविष्य के प्रमुख स्तंभ हैं, इसलिए उनके वर्कलोड को संतुलित रखना जरूरी है. यही कारण है कि फिलहाल उन्हें टी20 योजनाओं से बाहर रखा गया है. हालांकि उम्मीद की जा रही है कि 2028 ओलंपिक और अगले टी20 विश्व कप की तैयारियों के दौरान शुभमन गिल एक बार फिर भारतीय टी20 टीम में वापसी कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: Suryakumar Yadav: कप्तानी छिनते ही गरजा सूर्यकुमार यादव का बल्ला! 200 की स्ट्राइक रेट से खेली तूफानी पारी