Rishabh Pant Ranji Trophy: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अब धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की ओर बढ़ रहे हैं. खबर है कि वह 2025-26 रणजी ट्रॉफी के ज़रिए दोबारा मैदान में उतर सकते हैं. बीसीसीआई की मेडिकल टीम की अनुमति मिलने के बाद पंत 25 अक्टूबर से शुरू होने वाले घरेलू मुकाबलों में दिल्ली टीम के लिए खेल सकते हैं.
पंत फिलहाल बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) की निगरानी में हैं और उनका अगला मेडिकल मूल्यांकन इस सप्ताह होना है. सूत्रों के अनुसार, उन्हें 10 अक्टूबर तक और आराम की सलाह दी गई है. बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "रिकवरी में उम्मीद से ज्यादा वक्त लग रहा है. हम कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते,"
एशिया कप, विंडीज और ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ से बाहर
ऋषभ पंत की दाहिने पैर की मेटाटार्सल हड्डी में चोट के कारण उन्हें एशिया कप, वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज़ और ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर होना पड़ा. यह चोट उस समय और गंभीर हो गई जब उन्होंने आधी रिकवरी के दौरान ही नेट्स में बल्लेबाज़ी करने की कोशिश की, जिससे उनकी हड्डी फिर से टूट गई और रिकवरी लंबी खिंच गई.
कब से खेलेंगे रणजी ट्रॉफी?
पंत दिल्ली के दूसरे रणजी मैच में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मैदान में उतर सकते हैं. उन्होंने इस संबंध में डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली से बातचीत भी की है और अपनी उपलब्धता दर्ज कराई है. हालांकि, वह पहले मैच (15 अक्टूबर) में खेलेंगे या नहीं, यह पूरी तरह मेडिकल मंजूरी पर निर्भर करेगा.
क्या कप्तानी भी संभालेंगे?
यदि पंत फिट होकर समय रहते उपलब्ध हो जाते हैं, तो दिल्ली टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी उन्हें दी जा सकती है. फिलहाल यह जिम्मेदारी आयुष बदोनी के पास है, लेकिन बीसीसीआई और डीडीसीए दोनों ही पंत को टीम लीडर के तौर पर देखना चाहते हैं.
टेस्ट टीम में वापसी की उम्मीद
ऋषभ पंत की नज़र अब 14 नवंबर से शुरू होने वाली भारत-साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज़ पर है. अगर वह रणजी के दो मुकाबले खेल लेते हैं और फिटनेस में कोई दिक्कत नहीं आती, तो उनकी टेस्ट टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें- गाजा में खत्म होगा युद्ध! मिस्र में होने वाली है बड़ी बैठक, इन देशों के प्रतिनिधिमंडल होंगे शामिल