सर्दियों में कैसे घर में ड्राई क्लीन करें मोटे रजाई कंबल? पैसे बचाने का जान लें ये हैक

ठंड दस्तक देते ही सबसे पहले जिस चीज़ की याद आती है, वो हैं अलमारी में रखी मोटी रजाइयां और भारी कंबल. जैसे ही इन्हें बाहर निकाला जाता है, सर्दी से बचने की खुशी तब काफूर हो जाती है, जब धूल उड़ने लगती है और सीलन भरी बदबू नाक में भर जाती है.

Winter Hacks how to dry clean winter clothes at home
Image Source: Pexels

ठंड दस्तक देते ही सबसे पहले जिस चीज़ की याद आती है, वो हैं अलमारी में रखी मोटी रजाइयां और भारी कंबल. जैसे ही इन्हें बाहर निकाला जाता है, सर्दी से बचने की खुशी तब काफूर हो जाती है, जब धूल उड़ने लगती है और सीलन भरी बदबू नाक में भर जाती है. कई बार ये बदबू इतनी तेज होती है कि साफ दिखने के बावजूद रजाई-कंबल ओढ़ने का मन नहीं करता.

समस्या यह है कि न तो इन्हें सामान्य कपड़ों की तरह वॉशिंग मशीन में धोना आसान होता है और न ही हर साल ड्राई क्लीनिंग कराना हर किसी के बजट में फिट बैठता है. ऐसे में ज़्यादातर लोग यही सोचते हैं कि क्या बिना धोए, घर पर ही रजाई और कंबल को साफ और फ्रेश बनाया जा सकता है? अच्छी खबर यह है कि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप इन्हें बिना पानी या बहुत कम पानी में बिल्कुल इस्तेमाल लायक बना सकते हैं.

क्यों जरूरी है रजाई-कंबल की सफाई?


पूरे साल अलमारी में बंद रहने से रजाई और कंबल के अंदर धूल, नमी और बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं. अगर इन्हें बिना साफ किए सीधे इस्तेमाल किया जाए, तो स्किन एलर्जी, खुजली, छींक, खांसी और सांस से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं. कई लोगों को शरीर पर लाल चकत्ते या रैशेज भी हो जाते हैं. इसलिए सर्दी में गर्माहट पाने से पहले इनकी ठीक से सफाई करना बेहद जरूरी है.


धूप है सबसे बड़ा इलाज


अलमारी से निकालते ही रजाई या कंबल को कम से कम दो से तीन दिन तेज धूप में फैलाकर रखें. धूप अंदर की नमी को खत्म कर देती है और बदबू पैदा करने वाले कीटाणुओं को भी मार देती है. धूप लगने के बाद डंडे या झाड़ू से हल्के हाथ से थपथपाएं, इससे अंदर जमी धूल बाहर निकल जाती है और रजाई हल्की-फुल्की महसूस होने लगती है.


बेकिंग सोडा से हटाएं बदबू


अगर रजाई या कंबल में हल्की बदबू या गंदगी है, तो बेकिंग सोडा काफी काम का उपाय है. इसकी पतली परत कंबल पर छिड़क दें और करीब आधे घंटे तक छोड़ दें. इसके बाद सूखे कपड़े या वैक्यूम क्लीनर से इसे हटा लें. बेकिंग सोडा न सिर्फ बदबू सोख लेता है बल्कि हल्के दाग-धब्बों को भी कम कर देता है.


सिरका और पानी का आसान स्प्रे


सफेद सिरका प्राकृतिक रूप से बैक्टीरिया और दुर्गंध को खत्म करता है. एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिलाएं. इस मिश्रण को कंबल पर हल्का-हल्का स्प्रे करें और कुछ देर बाद सूखे कपड़े से पोंछ दें. इसके बाद थोड़ी देर धूप में रखने से कंबल पूरी तरह फ्रेश हो जाता है.


फ्रेशनर से लौटाएं नई जैसी खुशबू


लंबे समय तक रखे कंबलों में सीलन की गंध आना आम बात है. इससे छुटकारा पाने के लिए आप फैब्रिक फ्रेशनर का इस्तेमाल कर सकते हैं. चाहें तो घर पर भी स्प्रे बना सकते हैं—पानी में 2–3 बूंद एसेंशियल ऑयल या नींबू के रस की कुछ बूंदें मिलाकर हल्का छिड़काव करें. इससे कंबल में लंबे समय तक ताजगी बनी रहती है.इन आसान घरेलू उपायों की मदद से आप बिना ड्राई क्लीनिंग और बिना झंझट के अपनी रजाई और कंबल को साफ, सुरक्षित और सर्दियों के लिए तैयार कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: आपकी वैल्यू नहीं करते लोग? आज ही छोड़ दें ये पांच आदतें, बदल जाएगी जिंदगी; जानें पूरी जानकारी