गुड़गांव के एक बिजनेसमैन जसवीर सिंह, जो Not Dating कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ हैं, ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर एक दिलचस्प पोस्ट साझा की है. इस पोस्ट में उन्होंने अपने एक कर्मचारी की “सबसे ईमानदार लीव एप्लीकेशन” दिखाते हुए आज की नई पीढ़ी यानी Gen Z के खुलेपन की तारीफ की.
जसवीर ने लिखा कि Gen Z अब कुछ भी छुपाता नहीं है. वे अपने मन की बातें और मानसिक स्थिति बिना किसी झिझक के सामने रखते हैं. उनकी इस पोस्ट ने कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. ब्रेकअप के बाद काम पर फोकस नहीं कर पा रही थी कर्मचारी. जसवीर सिंह ने बताया कि उन्हें अपनी कंपनी की एक कर्मचारी का ईमेल मिला, जिसमें उसने कुछ दिनों की छुट्टी की मांग की थी.
क्या थी छुट्टी की वजह?
वजह बेहद व्यक्तिगत थी ब्रेकअप. ईमेल में कर्मचारी ने साफ लिखा था कि वह अपने ब्रेकअप के बाद मानसिक रूप से अस्थिर महसूस कर रही हैं और काम पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहीं. इसलिए उन्हें कुछ दिनों का वक्त चाहिए ताकि वे खुद को संभाल सकें.ईमेल में लिखा था हाल ही में मेरा ब्रेकअप हुआ है और मैं काम पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रही हूं. मैं आज घर से काम कर रही हूं, लेकिन मैं चाहती हूं कि 28 तारीख से 8 तारीख तक छुट्टी मिल जाए ताकि मैं खुद को थोड़ा बेहतर महसूस करा सकूं.
Got the most honest leave application yesterday. Gen Z doesn’t do filters! pic.twitter.com/H0J27L5EsE
— Jasveer Singh (@jasveer10) October 28, 2025
ऑफिस कल्चर में आ रहा है बदलाव
जैसे ही जसवीर सिंह ने इस ईमेल का स्क्रीनशॉट अपने पोस्ट में साझा किया, इंटरनेट पर चर्चाओं का सिलसिला शुरू हो गया. कई लोगों ने कर्मचारी की ईमानदारी और जसवीर सिंह की संवेदनशीलता दोनों की तारीफ की.कई यूजर्स ने लिखा कि आज का ऑफिस कल्चर पहले से काफी बदला है. अब कर्मचारी मेंटल हेल्थ और इमोशनल वेलबीइंग के बारे में खुलकर बात कर रहे हैं. जो एक सकारात्मक संकेत है. एक यूजर ने लिखा कि पहले के समय में कोई अपने ब्रेकअप के बारे में बॉस को बताने की सोच भी नहीं सकता था. अब लोग खुलकर बोल रहे हैं, और यह समाज के बदलते नजरिये को दिखाता है.
बॉस ने छुट्टी को तुरंत मंजूर किया
जब कई यूजर्स ने जसवीर सिंह से पूछा कि क्या उन्होंने छुट्टी मंजूर की, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि बिलकुल, तुरंत मंजूर कर दी. उनके इस जवाब पर लोगों ने जमकर तारीफ की. बहुतों ने लिखा कि ऐसा बॉस मिलना किसी वरदान से कम नहीं एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि कुछ लोग तो शादी के लिए भी इतनी छुट्टियां नहीं लेते.इस पर जसवीर सिंह ने भी हंसते हुए जवाब दिया,लेकिन मेरा मानना है कि ब्रेकअप के लिए शादी से ज्यादा छुट्टियां चाहिए होती हैं.
मेंटल हेल्थ पर खुलकर बात करना अब जरूरी
इस घटना ने सोशल मीडिया पर एक बड़ा संदेश दिया कि मेंटल हेल्थ को लेकर ईमानदारी और पारदर्शिता किसी कमजोरी की नहीं, बल्कि परिपक्वता की निशानी है. आज की पीढ़ी अपने भावनात्मक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रही है, और कंपनियां भी धीरे-धीरे इस संवेदनशीलता को समझने लगी हैं.जसवीर सिंह की इस सोच को कई लोगों ने “नई पीढ़ी के प्रति सहानुभूति और समझदारी” का उदाहरण बताया.
यह भी पढ़ें: हरियाणा के 6 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा, सैनी सरकार ने 3 फीसदी बढ़ाया महंगाई भत्ता