आखिरी 4 गेंद और इस महिला खिलाड़ी ने बना दिया RCB का दिन, जानें कौन

WPL 2026: नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए ओपनिंग मुकाबले में रोमांच आखिरी गेंद तक सांसें रोकने वाला रहा. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया.

Women Premier League 2026 Who is Nadine De klerk rcb wins
Image Source: Social Media

WPL 2026: नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए ओपनिंग मुकाबले में रोमांच आखिरी गेंद तक सांसें रोकने वाला रहा. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया. मुंबई इंडियंस द्वारा दिए गए 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की और स्टेडियम में मौजूद दर्शक खुशी से झूम उठे.

इस मुकाबले की कहानी एक नाम के इर्द-गिर्द घूमती रही नादिन डिक्लर्क. साउथ अफ्रीका की इस ऑलराउंडर ने न सिर्फ मैच का रुख बदला, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में वह दबाव को अवसर में बदलना जानती हैं.

आखिरी ओवर में बदली किस्मत

जब अंतिम ओवर शुरू हुआ, तब आरसीबी को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे और सामने थीं दुनिया की बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक नेट साइवर-ब्रंट. पहली दो गेंदें डॉट चली गईं और मुंबई इंडियंस की जीत लगभग तय लगने लगी. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे मैच की तस्वीर पलट दी. नादिन डिक्लर्क ने तीसरी गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़ा, चौथी पर करारा चौका लगाया, पांचवीं गेंद फिर से सीमा रेखा के पार पहुंची और आखिरी गेंद पर चौका जड़ते ही आरसीबी की जीत पर मुहर लग गई. डिक्लर्क 44 गेंदों पर 63 रन बनाकर नाबाद लौटीं, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे. यह पारी सिर्फ रन बनाने की नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और साहस की मिसाल थी.

गेंद से भी किया कमाल

डिक्लर्क का असर सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित नहीं रहा. इससे पहले उन्होंने गेंद से भी मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी की कमर तोड़ी थी. चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट लेना किसी भी बड़े मुकाबले में मैच जिताऊ प्रदर्शन माना जाता है. इस प्रदर्शन के साथ डिक्लर्क डब्ल्यूपीएल इतिहास में दूसरी ऐसी खिलाड़ी बन गईं, जिन्होंने एक ही मैच में चार विकेट और अर्धशतक दोनों लगाए. उनसे पहले यह उपलब्धि दीप्ति शर्मा के नाम दर्ज थी. नंबर छह या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए डिक्लर्क का 63 रन का स्कोर डब्ल्यूपीएल में अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बन गया.

कौन हैं नादिन डिक्लर्क

25 वर्षीय नादिन डिक्लर्क दाएं हाथ की बल्लेबाज और दाएं हाथ की मीडियम पेस गेंदबाज हैं. आरसीबी ने उन्हें डब्ल्यूपीएल की मेगा नीलामी में 60 लाख रुपये में खरीदा था. दिलचस्प बात यह है कि वह इससे पहले मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुकी हैं, लेकिन उस टीम के लिए उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था. इस बार उन्होंने अपनी पुरानी टीम के खिलाफ ही सबसे बड़ा वार कर दिया. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डिक्लर्क का रिकॉर्ड भी काफी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने साउथ अफ्रीका के लिए टेस्ट, वनडे और टी20—तीनों फॉर्मेट में खुद को साबित किया है. वनडे क्रिकेट में उनके नाम 900 से ज्यादा रन और लगभग 70 विकेट दर्ज हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल में भी वह भरोसेमंद ऑलराउंडर के रूप में जानी जाती हैं.

फिनिशर के रूप में पहचान

नादिन डिक्लर्क को खास तौर पर फिनिशर की भूमिका में महारत हासिल है. आईसीसी विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में भारत के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 84 रन की पारी आज भी क्रिकेट फैंस को याद है. उस मैच में उन्होंने मुश्किल हालात में टीम को जीत दिलाकर अपनी काबिलियत साबित की थी.डब्ल्यूपीएल 2026 के पहले ही मुकाबले में उनकी यह धमाकेदार पारी यह साफ संकेत दे गई है कि इस सीजन में आरसीबी को उनसे कई और मैच जिताऊ प्रदर्शन देखने को मिल सकते हैं.

यह भी पढ़ें: WPL 2026: कौन है मिस्ट्री एंकर येशा सागर, खूबसूरती के कारण बटौर रहीं सुर्खियां