Pratika Rawal Appointed As OSD: आईसीसी महिला ODI वर्ल्ड कप 2025 में विजेता भारतीय टीम की प्रमुख खिलाड़ियों स्नेह राणा, प्रतिका रावल और रेणुका सिंह ठाकुर को खेल विभाग में Officer On Special Duty (OSD) के पद पर नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति भारतीय महिला क्रिकेट टीम के अद्वितीय प्रदर्शन को सम्मान देने और खिलाड़ियों को उनके योगदान के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई है.
टीम इंडिया ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला महिला वर्ल्ड कप खिताब जीता. हालांकि टूर्नामेंट के दौरान चोट के कारण प्रतिका रावल सेमीफाइनल और फाइनल में मैदान पर नहीं उतर पाई थीं, लेकिन उनके लीग स्टेज में प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें विशेष पद पर नियुक्ति दी गई.
Grateful to the @RailMinIndia for recognising our efforts and promoting me as the Officer on Special Duty (osd). Railways has always been very supportive, and your belief means a lot to me💪 pic.twitter.com/5w6ckhC102
— Pratika Rawal (@RawalPratika) December 1, 2025
प्रतिका रावल की उपलब्धियां और OSD नियुक्ति
प्रतिका रावल पहले नॉर्दर्न रेलवे में सीनियर क्लर्क के पद पर कार्यरत थीं. उनके वर्ल्ड कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए नॉर्दर्न रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने रेल मंत्रालय को उनके प्रमोशन के लिए पत्र लिखा था. इसके बाद रेल मंत्रालय ने पे मैट्रिक्स (7th CPC) में लेवल 8 पर ग्रुप 'B' गजेटेड पोस्ट पर उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने की मंजूरी दे दी.
मंत्रालय ने कहा, "रेल मंत्रालय की तरफ से मिस प्रतिका रावल, सीनियर क्लर्क, नॉर्दर्न रेलवे को आईसीसी महिला ओडीआई वर्ल्ड कप 2025 में उनके योगदान के लिए ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) के ग्रुप 'B' गजेटेड पद पर आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने की मंजूरी दी जाती है."
प्रतिका रावल ने टूर्नामेंट में कुल 7 मैचों में 6 पारियों में खेलते हुए 308 रन बनाए, जिनकी स्ट्राइक रेट 77.78 थी. वे टूर्नामेंट में चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं. हालांकि सेमीफाइनल से पहले चोटिल होने के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा. उनकी जगह फाइनल में शेफाली वर्मा ने शानदार 87 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और 2 विकेट भी लिए.
स्नेह राणा और रेणुका सिंह ठाकुर को भी विशेष पद
रेलवे बोर्ड ने स्नेह राणा को भी 7th CPC पे मैट्रिक्स के लेवल 8 में OSD (स्पोर्ट्स) के पद पर प्रमोट किया. यह प्रमोशन आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन (OTP) स्कीम के तहत किया गया है, जिसका उद्देश्य देश के एथलीटों को उनके योगदान के लिए सम्मान देना और प्रोत्साहित करना है. इसके अलावा, रेणुका सिंह ठाकुर को भी इसी तरह का विशेष पद प्रदान किया गया.
महिला टीम का ऐतिहासिक वर्ल्ड कप खिताब
भारतीय महिला क्रिकेट टीम इससे पहले दो बार वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब जीतने में कामयाब नहीं हो पाई थी. 2 नवंबर, 2025 को टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में हराकर अपना पहला महिला वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया.
फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रन बनाए. जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर आउट हो गई. फाइनल में शेफाली वर्मा ने 87 रन और 2 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता. वहीं, पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी का अवार्ड दीप्ति शर्मा को दिया गया.
वर्ल्ड कप जीत का महत्व
भारतीय महिला टीम का यह खिताब सिर्फ खेल के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता और सम्मान दिलाने के लिए भी एक मील का पत्थर है. इस जीत और खिलाड़ियों के योगदान के सम्मान में OSD पद पर नियुक्ति, खिलाड़ियों को खेल और प्रशासनिक दोनों क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर प्रदान करेगी.
यह नियुक्ति यह भी दर्शाती है कि खेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड देश के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को पहचानते हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर प्रदान कर रहे हैं. इससे न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि युवा महिला खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा.
यह भी पढ़ें- Maruti की पहली इलेक्ट्रिक कार कल होगी लॉन्च, बेहतरीन फीचर्स से लैस होगी E Vitara, कितनी हो सकती है कीमत?