World No Tobacco Day 2025: आज के समय में लोग अक्सर तनाव, आदत या सामाजिक प्रभाव के चलते तंबाकू, सिगरेट या बीड़ी का सेवन शुरू कर देते हैं. लेकिन एक बार लत लगने के बाद इससे बाहर निकलना आसान नहीं होता. यह न केवल आपके शरीर के अंगों को धीरे-धीरे खत्म करता है, बल्कि आपके पूरे परिवार की मानसिक और भावनात्मक स्थिति को भी प्रभावित करता है.
तंबाकू का सेवन केवल एक आदत नहीं, बल्कि एक धीमा ज़हर है जो मुंह के कैंसर, फेफड़ों की बीमारियों, दिल की समस्याओं और लिवर व किडनी को भी नुकसान पहुंचाता है. अगर आप वाकई इसे छोड़ने का मन बना चुके हैं, तो आइए जानते हैं कुछ असरदार और आसान उपाय जो आपकी इस जंग में मदद कर सकते हैं.
1. खुद से करें सच्चा वादा
तंबाकू छोड़ने की सबसे पहली और अहम शर्त है – दृढ़ निश्चय. जब तक आप खुद से ईमानदारी से वादा नहीं करेंगे, तब तक कोई उपाय कारगर नहीं होगा. उन दोस्तों या माहौल से दूरी बनाएं जो आपको इस लत में वापस धकेल सकते हैं.
2. ब्रीदिंग एक्सरसाइज को बनाएं दिनचर्या का हिस्सा
हर सुबह गहरी सांसों की एक्सरसाइज करें. यह न केवल मन को शांत रखेगा, बल्कि तलब लगने पर आपको खुद को कंट्रोल करने में मदद करेगा. चाहें तो योग, प्राणायाम और ध्यान की भी मदद लें.
3. मन को रखें व्यस्त
जब भी तंबाकू की तलब लगे, उस वक्त खुद को किसी और गतिविधि में व्यस्त करें. जैसे किताब पढ़ना, म्यूजिक सुनना, नई स्किल सीखना या वॉक पर जाना. ये आदतें न सिर्फ ध्यान भटकाएंगी, बल्कि आपको भीतर से मजबूत भी बनाएंगी.
4. मुंह में रखें कुछ चबाने के लिए
तंबाकू या सिगरेट की जगह मुंह में इलायची, लौंग, सौंफ या बिना शक्कर वाली च्विंगम रखें. ये चीजें तलब को कम करने में मदद करती हैं और धीरे-धीरे आदत को कंट्रोल में लाने में सहायक होती हैं.
5. पिएं पानी, बढ़ाएं संयम
हर बार जब तलब महसूस हो, तो एक गिलास पानी पिएं और 5 मिनट खुद को शांत करें. इससे शरीर हाइड्रेट रहेगा और मन भी ठंडा पड़ेगा. यह तरीका धीरे-धीरे आपकी इच्छा को कमजोर करता है.
यह भी पढ़ें: क्या आपके दोस्तों ने भी आजतक पैसा नहीं लौटाया? जानिए क्या कहता है ये चौंकाने वाला सर्वे