MI vs UPW: महिला प्रीमियर लीग के शनिवार को खेले गए डबल हेडर के पहले मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने शानदार खेल दिखाते हुए मुंबई इंडियंस को 23 रनों से मात दे दी. इस जीत के साथ यूपी वॉरियर्स ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि मुंबई इंडियंस को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा. पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 187 रन बनाए थे, जिसके जवाब में मुंबई की टीम 165 रन ही बना सकी.
187 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. टीम का पहला विकेट 23 रन के स्कोर पर गिरा, जब सजना सजीवन 10 रन बनाकर आउट हो गईं. इसके अगले ही ओवर में हेली मैथ्यूज भी 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. शुरुआती झटकों से मुंबई की रन गति प्रभावित हुई और दबाव लगातार बढ़ता चला गया.
🔙 to 🔙 victories! 📈@UPWarriorz with a fantastic all-round show to complete the double over Mumbai Indians 💛
— Women's Premier League (WPL) (@wplt20) January 17, 2026
Scorecard ▶️ https://t.co/7bDWCP77Em #TATAWPL | #KhelEmotionKa | #UPWvMI pic.twitter.com/FOoJwFB8EJ
यूपी वॉरियर्स को उस समय बड़ी राहत मिली जब शिखा पांडेय ने खतरनाक बल्लेबाज नताली सिवर को सिर्फ 15 रन पर आउट कर दिया. सिवर के जल्दी आउट होने से मुंबई की रन चेज को बड़ा झटका लगा.
हरलीन देओल का शानदार कैच
मैच का एक यादगार पल 10वें ओवर में देखने को मिला. दीप्ति शर्मा की गेंद पर निकोला केरी ने हवा में शॉट खेला, जिसे पीछे की ओर दौड़ते हुए हरलीन देओल ने लपक लिया. यह शानदार कैच सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और मैच का रुख पूरी तरह यूपी वॉरियर्स की ओर मोड़ गया. इसके बाद मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहीं और 21 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गईं.
अंत तक संघर्ष करती रही मुंबई
हालांकि बीच के ओवरों में मुंबई ने संभलने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों ने टीम को लक्ष्य के करीब नहीं पहुंचने दिया. आखिरी ओवरों में जरूरी रन रेट काफी बढ़ चुका था और यूपी वॉरियर्स की गेंदबाजी ने मुंबई को 165 रन पर ही रोक दिया.
मैग लैनिंग और फोएबे लिचफील्ड की तूफानी बल्लेबाजी
इससे पहले यूपी वॉरियर्स की पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी. टीम को पहले ही ओवर में झटका लगा, जब किरण नवगिरे गोल्डन डक पर आउट हो गईं. उन्हें निकोला केरी ने बोल्ड किया. शुरुआती विकेट गिरने के बाद कप्तान मैग लैनिंग ने फोएबे लिचफील्ड के साथ मिलकर पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए शानदार शतकीय साझेदारी की.
दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 119 रन जोड़े और मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. फोएबे लिचफील्ड ने 37 गेंदों में 61 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे. वह अमनजोत कौर की गेंद पर आउट हुईं.
मैग लैनिंग की कप्तानी पारी
कप्तान मैग लैनिंग ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने 45 गेंदों में 70 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल थे. लैनिंग 14वें ओवर में हेली मैथ्यूज की गेंद पर आउट हुईं. उनके आउट होने के बाद मुंबई के गेंदबाजों ने वापसी की कोशिश की.
अमेलिया केर ने रचा इतिहास
मुंबई इंडियंस की ओर से अमेलिया केर और नताली सिवर ने गेंदबाजी में प्रभाव छोड़ा. अमेलिया केर ने अपने 4 ओवरों में 28 रन देकर 3 विकेट झटके और महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में 50 विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बन गईं. वहीं नताली सिवर ने 4 ओवरों में 22 रन देकर 2 विकेट लिए.
एक समय ऐसा लग रहा था कि यूपी वॉरियर्स का स्कोर आसानी से 200 के पार पहुंच जाएगा, लेकिन मुंबई की गेंदबाजी ने अंतिम ओवरों में अच्छी वापसी की और स्कोर को 187 तक सीमित रखा. इसके बावजूद यह स्कोर मुंबई के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हुआ और यूपी वॉरियर्स ने मैच अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी का नया धमाका, विराट कोहली का पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त, U-19 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास