WPL 2026 के लिए MI ने लॉन्च की नई जर्सी, ‘Wicket Pulse’ नाम की थीम पर किया गया तैयार

WPL 2025 की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आगामी WPL 2026 सीजन के लिए अपनी नई जर्सी लॉन्च कर दी है. फ्रेंचाइज़ी ने बताया कि इस बार भी जर्सी की डिजाइन मुंबई शहर की आत्मा, उसकी तेज़ रफ्तार और कभी न थकने वाले जज़्बे से प्रेरित है.

WPL 2026 Mumbai Indians launches new jersy named wicket pulse
Image Source: Social Media

WPL 2025 की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आगामी WPL 2026 सीजन के लिए अपनी नई जर्सी लॉन्च कर दी है. फ्रेंचाइज़ी ने बताया कि इस बार भी जर्सी की डिजाइन मुंबई शहर की आत्मा, उसकी तेज़ रफ्तार और कभी न थकने वाले जज़्बे से प्रेरित है. जैसे मुंबई कभी ठहरती नहीं, वैसे ही यह जर्सी भी आगे बढ़ते रहने की मानसिकता को दर्शाती है.


नई जर्सी को ‘Wicket Pulse’ नाम की थीम पर तैयार किया गया है. जर्सी पर उभरते नीले शेड्स मुंबई की लोकल ट्रेनों की निरंतर गति और अरब सागर की लहरों से प्रेरणा लेते हैं. यह रंग उस सोच को दर्शाता है जो मुंबई और मुंबई इंडियंस दोनों की पहचान बन चुकी है—हर हाल में आगे बढ़ते रहना, कभी धीमे न पड़ना.

गोल्ड और कोरल रंगों का भावनात्मक जुड़ाव

जर्सी में इस्तेमाल किया गया गोल्ड कलर जीत की परंपरा, आत्मविश्वास और निरंतर सफलता का प्रतीक है. वहीं कोरल एक्सेंट मुंबई के लोगों के बीच मौजूद अपनापन, गर्मजोशी और सामूहिक संतुलन को दर्शाता है. यही भाव मुंबई इंडियंस के #OneFamily दर्शन को मजबूत करता है, जो टीम और फैंस को एक सूत्र में बांधता है.

एक जर्सी, जिसमें बसती है मुंबई की कहानी

मुंबई इंडियंस की यह नई किट सिर्फ मैदान पर पहनने के लिए नहीं, बल्कि मुंबई शहर की भावना को दर्शाने वाली पहचान है. यह उन खिलाड़ियों का प्रतीक है जो मैदान पर मुंबई की ऊर्जा लेकर उतरते हैं और उस MI पलटन की झलक है, जो हर मैच में टीम के पीछे मजबूती से खड़ी रहती है. यह जर्सी जीत से कहीं आगे, मुंबई की आत्मा को दर्शाती है.

WPL 2026 से पहले कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव

जर्सी लॉन्च से पहले मुंबई इंडियंस ने कोचिंग फ्रंट पर भी अहम फैसला लिया. फ्रेंचाइज़ी ने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व लेग स्पिनर क्रिस्टन बीम्स को WPL 2026 के लिए स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया है.

मैदान पर भी और कोचिंग में भी दमदार रिकॉर्ड

क्रिस्टन बीम्स का क्रिकेट करियर शानदार रहा है. वे 2017 वनडे वर्ल्ड कप में तीसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज़ रहीं. ऑस्ट्रेलिया के लिए उन्होंने 1 टेस्ट, 30 वनडे और 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले. इसके अलावा WBBL में भी उनका अनुभव खासा मजबूत रहा, जहां उन्होंने 45 मैचों में अपनी छाप छोड़ी.

संन्यास के बाद कोचिंग में भी बनाई पहचान

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद बीम्स ने कोचिंग में भी खुद को साबित किया. वे WBBL, The Hundred और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 महिला टीम के साथ काम कर चुकी हैं. इसके अलावा Cricket Australia में नेशनल डेवलपमेंट लीड और क्रिकेट तस्मानिया में कम्युनिटी क्रिकेट मैनेजर (South) की भूमिका भी निभा चुकी हैं.

झूलन गोस्वामी के साथ काम करने को लेकर क्या बोलीं बीम्स?

मुंबई इंडियंस द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में क्रिस्टन बीम्स ने कहा,“झूलन गोस्वामी जैसी महान खिलाड़ी के साथ काम करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव है. यह सिर्फ जीतने वाली टीम नहीं, बल्कि एक परिवार है. एक कोच के तौर पर आप उसी माहौल का हिस्सा बनना चाहते हैं, जहां जीत की संस्कृति हो और जहां खुद को घर जैसा महसूस हो.”

यह भी पढ़ें: खेलते-खेलते लड़ने लगे खिलाड़ी या फिर कुछ और बात? देखें VIRAL वीडियो