एलन मस्क की अगुवाई वाली सोशल मीडिया कंपनी X (पूर्व में ट्विटर) ने अवैध और अश्लील कंटेंट को लेकर बड़ा और सख्त फैसला लिया है. कंपनी ने स्पष्ट कर दिया है कि प्लेटफॉर्म पर गैरकानूनी सामग्री पोस्ट करने या अपने AI टूल Grok का दुरुपयोग कर ऐसा कंटेंट बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में संबंधित अकाउंट को स्थायी रूप से बैन किया जा सकता है.
X ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर वह स्थानीय सरकारों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करेगा. कंपनी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत सरकार ने अवैध और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर X को सख्त चेतावनी दी थी.
अवैध कंटेंट पर X की नई और सख्त नीति
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, X के Global Government Affairs अकाउंट ने साफ कहा है कि प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह के अवैध कंटेंट के लिए “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी. इसमें खास तौर पर बाल यौन शोषण से जुड़ा कंटेंट और अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित सामग्री शामिल है.
We take action against illegal content on X, including Child Sexual Abuse Material (CSAM), by removing it, permanently suspending accounts, and working with local governments and law enforcement as necessary.
— Safety (@Safety) January 4, 2026
Anyone using or prompting Grok to make illegal content will suffer the… https://t.co/93kiIBTCYO
कंपनी ने बताया कि इस तरह के कंटेंट को तुरंत हटाया जाएगा और उसे अपलोड करने वाले अकाउंट्स को हमेशा के लिए सस्पेंड कर दिया जाएगा. साथ ही, जरूरत पड़ने पर X स्थानीय सरकारों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ भी जानकारी साझा करेगा.
Grok AI के दुरुपयोग पर भी वही सजा
एलन मस्क ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर कोई व्यक्ति Grok AI का इस्तेमाल करके अवैध या आपत्तिजनक कंटेंट बनाता है, तो उसे भी वही सजा दी जाएगी जो सीधे ऐसा कंटेंट पोस्ट करने वालों को मिलती है.
कंपनी का कहना है कि AI के जरिए गलत तस्वीरें, फर्जी इमेज या अपमानजनक सामग्री तैयार करना भी कानून के दायरे में अपराध माना जा सकता है. इसलिए Grok से बनाए गए कंटेंट पर भी X की कंटेंट पॉलिसी पूरी तरह लागू होगी.
भारत सरकार के निर्देश के बाद बढ़ी सख्ती
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने 2 जनवरी को X को निर्देश दिया था कि वह प्लेटफॉर्म से सभी अश्लील, आपत्तिजनक और गैरकानूनी कंटेंट को तुरंत हटाए.
मंत्रालय ने खास तौर पर Grok AI से तैयार किए गए कंटेंट पर कड़ी निगरानी रखने को कहा था. इसके साथ ही X को 72 घंटे के भीतर Action Taken Report (ATR) जमा करने का निर्देश दिया गया था. सरकार ने चेतावनी दी थी कि नियमों का पालन न करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
महिलाओं से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट का मामला
सरकार को शिकायतें मिली थीं कि X पर महिलाओं की फर्जी और अश्लील तस्वीरें साझा की जा रही हैं. इस मुद्दे को लेकर राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी.
सरकारी आदेश में कहा गया है कि Grok AI का इस्तेमाल कर महिलाओं को अपमानित करने वाला कंटेंट बनाया जा रहा है, जो भारतीय कानूनों का सीधा उल्लंघन है. इसी के बाद X पर कार्रवाई का दबाव और बढ़ गया.