लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार अब प्रदेश के युवाओं को सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोजगार दिलाने के मिशन में तेजी से आगे बढ़ रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में "मिशन रोजगार" को नई उड़ान देते हुए अब गोरखपुर में 14-15 अक्टूबर को एक और 'रोजगार महाकुंभ-2025' का आयोजन होने जा रहा है. यह आयोजन मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में होगा.
UAE और ओमान में 10,855 नौकरियों के लिए खुलेंगे अवसर
इस मेगा जॉब फेयर का सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि इसके माध्यम से UAE और ओमान जैसे देशों में नौकरी के बेहतरीन अवसर मिलेंगे. कुल 10,855 रिक्त पदों के लिए चयन की प्रक्रिया की जाएगी, जिसमें वेतनमान ₹24,000 से लेकर ₹1,20,769 प्रति माह तक होगा. यह मौका विशेष रूप से उन युवाओं के लिए फायदेमंद है जो विदेशों में कार्य करने का सपना देखते हैं.
किन पदों पर होंगी भर्तियां?
पारदर्शी और डिजिटल चयन प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश सेवायोजन विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने का फैसला लिया है. सभी रिक्तियों का विवरण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट rojgaarsangam.up.gov.in पर उपलब्ध है. इच्छुक अभ्यर्थी इस पोर्टल पर जाकर पंजीकरण और आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को QR कोड लिंक्ड एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा, जिससे इंटरव्यू प्रक्रिया में कोई अव्यवस्था न हो.
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
यह रोजगार महाकुंभ न केवल युवाओं के लिए रोजगार का जरिया बनेगा, बल्कि विदेशों में काम करने वाले ये युवा राज्य को विदेशी मुद्रा (रेमिटेंस) भेजकर अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देंगे. खासकर पूर्वांचल के युवाओं को इससे बड़ा लाभ मिलेगा, जो अब अपने कौशल को वैश्विक स्तर पर दिखा पाएंगे.
लखनऊ के बाद अब गोरखपुर में रोजगार की रफ्तार
बता दें, अगस्त 2025 में लखनऊ में हुए रोजगार महाकुंभ में 10,000 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य था, लेकिन उसे पार करते हुए 16,897 युवाओं को चयनित किया गया था. यह दिखाता है कि योगी सरकार प्रदेश में युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने में सफल हो रही है.
सेवायोजन विभाग की अपील
सेवायोजन विभाग के अपर निदेशक पी.के. पुंडीर ने युवाओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने के लिए तुरंत पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करें. उन्होंने कहा, "यह आयोजन न केवल रोजगार का अवसर है, बल्कि युवाओं को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है."
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में 14 मासूमों की मौत के बाद एक्शन में योगी सरकार, यूपी में Coldrif Syrup पर लगाया बैन