युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा की बढ़ी मुश्किलें, ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े मामले में ED ने भेजा समन

भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और विकेटकीपर बल्लेबाज़ रोबिन उथप्पा एक बड़े विवाद में घिरते नज़र आ रहे हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इन दोनों खिलाड़ियों को 1xBet ऑनलाइन सट्टेबाजी एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में समन भेजा है.

Yuvraj Singh Robin Uthappa summoned in online betting linked money laundering
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और विकेटकीपर बल्लेबाज़ रोबिन उथप्पा एक बड़े विवाद में घिरते नज़र आ रहे हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इन दोनों खिलाड़ियों को 1xBet ऑनलाइन सट्टेबाजी एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में समन भेजा है. यह एप भारत में अवैध रूप से सट्टेबाजी को बढ़ावा देता है और इसी को लेकर अब जांच एजेंसियां एक्टिव हो गई हैं.

युवराज सिंह से 23 सितंबर को होगी पूछताछ

सूत्रों के मुताबिक, रोबिन उथप्पा से 22 सितंबर को पूछताछ हो चुकी है, जबकि युवराज सिंह को 23 सितंबर को ईडी के सामने पेश होना है. इसके साथ ही बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद को भी 24 सितंबर को समन भेजा गया है. यह सभी लोग कभी न कभी इस सट्टेबाजी एप का प्रमोशन करते पाए गए हैं, जिसे लेकर ईडी अब गहराई से जांच कर रही है.

प्रमोशन के बदले मिला पैसा भी जांच के दायरे में

ईडी की मुख्य कोशिश यह जानने की है कि इन हस्तियों से 1xBet जैसे अवैध प्लेटफॉर्म के लिए प्रमोशन का कॉन्ट्रैक्ट किसने किया और किस माध्यम से भुगतान किया गया. सोशल मीडिया पर प्रमोशन करने वाले खिलाड़ियों और कलाकारों के बैंक ट्रांजैक्शन, कॉन्ट्रैक्ट और अन्य डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है. इससे पहले, ईडी शिखर धवन और सुरेश रैना जैसे खिलाड़ियों से भी इस मामले में पूछताछ कर चुकी है.

क्या है 1xBet सट्टेबाजी एप?

1xBet एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है जो दुनिया भर में संचालित होता है लेकिन भारत में यह अवैध माना जाता है. भारतीय कानून ऑनलाइन सट्टेबाजी को सीधे तौर पर अनुमति नहीं देता, खासकर जब यह बिना किसी सरकारी मान्यता के चलाया जाए. यही कारण है कि इस प्लेटफॉर्म को कई राज्यों में बैन कर दिया गया है.

सरकार की सख्ती और नया कानून

भारत सरकार ने 2023 में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के माध्यम से 174 सट्टेबाजी और जुए से जुड़े एप्स पर प्रतिबंध लगाया था, जिसमें 1xBet भी शामिल था. इसके बाद 2025 में “प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट” नाम का कानून पारित किया गया, जो अवैध ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी को पूरी तरह रोकने का प्रयास करता है.

खेल और मनोरंजन जगत में हलचल

1xBet से जुड़ी जांच सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है. बॉलीवुड के कई नामी चेहरे भी जांच के घेरे में हैं जिन्होंने इस एप का प्रमोशन किया था. इससे खेल और मनोरंजन जगत में हलचल मच गई है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पूछताछ के बाद कौन-कौन इस केस में फंसता है और किसका नाम क्लीन चिट पाता है.

ये भी पढ़ें: Asia Cup 2025 Final: कहां और कब होगा एशिया कप का फाइनल मैच? यहां जानें महामुकाबले का फुल शेड्यूल